Samastipur News: सिंघिया में सर्पदंश से 11 वर्षीय

समस्तीपुर | सिंघिया | बुधवार

समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना में 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना कुंडल-1 पंचायत के मामूरपुर निमी गांव की है, जहां विषैले सर्प के काटने से बच्चे की जान चली गई। मृतक की पहचान जहांगीरपुर पंचायत के बेहट गांव निवासी शंकर मुखिया के 11 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, सत्यम कुमार अपने ननिहाल मामूरपुर निमी गांव स्थित सुरेश मुखिया के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह कक्षा तीन का छात्र था। मंगलवार रात उसे विषैले सर्प ने काट लिया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए हसनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को सिंघिया थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।

थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें