समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत माहे पंचायत में जन वितरण प्रणाली के राशन वितरण को लेकर कथित अनियमितता का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी मनोज कुमार सिंह ने वार्ड संख्या 12 की जन वितरण प्रणाली विक्रेता मधु प्रिया के खिलाफ रोसड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार की उपस्थिति में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उत्कर्ष दुबे को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राशन वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि डीलर की सास स्वर्गीय रेणु देवी की मृत्यु हो चुकी है, इसके बावजूद उनके नाम पर अंत्योदय योजना का राशन कथित रूप से फर्जी तरीके से उठाया जा रहा है।
इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अमित कुमार, बैजनाथ साहू और आरती कुमारी के राशन कार्ड में कथित तौर पर राजकुमार सिंह का नाम जोड़कर वर्ष 2020 से लगातार राशन उठाया जा रहा है। वहीं सूर्य नारायण सिंह के नाम पर भी कथित रूप से राशन उठाकर अनियमितता किए जाने का आरोप लगाया गया है।
हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में रोसड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस शिकायत के बाद माहे पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है और लोग जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।








