समस्तीपुर। जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत लिलहौल ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-4 में भीषण जल संकट के कारण ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर के चलते लोगों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। वार्ड में जल-नल योजना के तहत नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश घरों में लगे चापाकल भी भूजल स्तर नीचे चले जाने के कारण सूख चुके हैं। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ खाना बनाने और अन्य दैनिक कार्यों के लिए भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उप सरपंच विजय पासवान, माया देवी, राधा देवी, सुधा देवी, लालन पासवान, भोला पासवान सहित कई ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब जल-नल योजना के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से वार्ड संख्या-4 की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने की अपील की है, ताकि लोगों को इस भीषण जल संकट से जल्द राहत मिल सके।









