सिंघिया PHC में स्वास्थ्य कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन, कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन; जानें क्या है मामला

बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ राज्य कमिटी के निर्देश पर आज शनिवार को समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्वास्थ्य कर्मियों ने बिहार सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन पीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार को सौंपा।

स्वास्थ्य कर्मियों ने मांग की कि पूर्व की भांति उपस्थिति पंजी के आधार पर वेतन का भुगतान किया जाए। साथ ही एनएचएम कर्मियों के हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान करने, महिला स्वास्थ्य कर्मियों को मातृत्व अवकाश देने, सेवा संपुष्टि एवं सेवांत लाभ तथा एमएसीपी का लाभ देने की मांग की गई।

कर्मियों ने उपार्जित अवकाश से संबंधित कार्य पूर्व की भांति सिविल सर्जन स्तर से कराने का आदेश जारी करने की भी मांग की। महिला स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यभार को देखते हुए पोर्टल संबंधी कार्य डाटा ऑपरेटर से कराने, सभी कर्मियों को प्रोन्नति का लाभ देने तथा महिला कर्मियों को अपने जिला स्तर पर पदस्थापित करने की मांग भी रखी गई।

इसके अलावा समय पर वेतन भुगतान के लिए पर्याप्त आवंटन उपलब्ध कराने तथा रिक्त पदों पर कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित कर पदस्थापित करने की मांग की गई।

प्रदर्शन कार्यक्रम में नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ गोपाल सिंह की उपस्थिति में जिला अध्यक्ष अवलेश कुमारी, गीतांजलि कुमारी, किरण कुमारी, विभा, अर्चना, रंजू सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें