समस्तीपुर: सिविल सर्जन ने पीएचसी सिंघिया का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

समस्तीपुर। जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सिंघिया का शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), इमरजेंसी वार्ड, टीबी वार्ड, एक्स-रे कक्ष सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

डॉ. राजीव कुमार ने आशा कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले प्रोत्साहन भत्ते, संस्थागत प्रसव कराने वाली महिलाओं एवं बंध्याकरण कराने वाली महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली प्रोत्साहन राशि की भी जानकारी ली और संबंधित अभिलेखों की जांच की।

निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने बताया कि टीबी उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे विशेष महाअभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के बेहतर उपचार, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अविनाश तिवारी, फार्मासिस्ट संजय कुमार सिंह, नरेंद्र सिंह उर्फ गोपाल सिंह, बीसीएम राहुल कुमार गौरव, मो. नसीम सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें