09 मई को समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में लगेगी लोक अदालत, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का मिलेगा अवसर
समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में 09 मई 2026 को लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, समस्तीपुर ने जानकारी देते हुए आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का सरल, सुलभ एवं त्वरित समाधान आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा। इस व्यवस्था से लोगों को कम खर्च में न्याय मिलने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी। साथ ही कई मामलों में कोर्ट फीस में भी राहत प्रदान की जाएगी।
न्यायालय प्रशासन ने कहा है कि लोक अदालत में सुलहनीय मामलों का निपटारा सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाता है, जिससे लोगों को लंबे समय तक कोर्ट-कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हुए कहा है कि वे 09 मई को आयोजित होने वाली लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का निपटारा कराएं और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।








